महीनों से रिक्त चल रहे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में होगा। मतदान जिलाधिकारी के न्यायालय कलेक्ट्रेट में सुबह 11 से शाम तीन बजे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा। उसके बाद मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी।
निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक 12 मार्च को हुए नामांकन के दौरान भाजपा प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य अमरेश पटेल ने नामांकन किया। इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य विनोद मौर्या और सुभाष पाल ने भी नामांकन किया। ये दोनों लोग भाजपा के ही कार्यकर्ता हैं। ऐसे में बगावत करके चुनाव लड़ने के कारण राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई थी। 15 मार्च को नामांकन वापसी में किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया। ऐसी स्थिति में उस दिन यह हुआ कि तीन प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया जाएगा। हालांकि एक दिन बाद सुभाष पाल ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दे दिया है।