यूपी के इकलौते बालक-बालिका तीरंदाजी छात्रावास वाले विशिष्ट स्टेडियम तियरा में 31 जनवरी से तीरंदाजों का महाकुंभ लगने जा रहा है। इसमें प्रदेश के धनुर्धरों के साथ ही देश के कई जाने माने धनुर्धर भी हिस्सा लेंगे। तीरंदाज जो ओलंपिक और एशियन गेम में प्रतिभाग करने के साथ ही मेडल हासिल किए हैं। वे और करीब आधा दर्जन अर्जुन अवार्डी के भी हिस्सा लेने की प्रबल संभावना है। तीरंदाजी एसोसिएशन ने इस बार 9वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन सोनभद्र में कराने का निर्णय लिया। 31 जनवरी से होने वाली इस प्रतियोगिता की तैयारी को मुकम्मल किया जा रहा है। खेल विभाग से जुड़े लोगों की माने तो इस प्रतियोगिता में कई नामी खिलाड़ी भाग लेंगे। तीन फरवरी को होने वाले प्राइज मनी प्रतियोगिता में अर्जुन अवार्डी जयंत तालुकदार व मंगल सिंह चेम्पिया जैसे धनुर्धर भी शामिल होंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड की प्रतियोगिता होनी है। जबकी प्राइज मनी का कम्पटीशन केवल रिकर्व राउंड होगी।